खजौली रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प- DRM जेपी मिश्रा
समस्तीपुर रेल मंडल की डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को खजौली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि खजौली और राजनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म ऊंचे किए जाएंगे। इसके अलावा खजौली स्टेशन पर चहारदीवारी का निर्माण पूरा होने के बाद मुख्य द्वार के सामने वाहन पार्किंग और गार्डन बनाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मिथिला की पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका पाग और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल सुविधा, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और जर्जर शौचालय की स्थिति देखी। उन्होंने रेलवे की जमीन पर चल रहे चहारदीवारी निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने की खराब सड़क को लेकर भी चर्चा हुई। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की समस्याओं के समाधान और जरूरी सुविधाओं में सुधार के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन के जर्जर शौचालय की मरम्मत कराई जाएगी और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपी जाएगी।
इस दौरान स्टेशन पर जयनगर-रक्सौल डीएमयू ट्रेन का दोनों दिशाओं में ठहराव देने की मांग भी उठाई गई। स्थानीय लोगों ने अप और डाउन दोनों ओर से आने वाली ट्रेन के खजौली में रुकने की जरूरत बताई। साथ ही स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने जर्जर सड़क का निर्माण कराने का आग्रह किया गया। डीआरएम ने डीएमयू ट्रेन के ठहराव की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान रेलवे की चौथी लाइन के निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि खजौली रेलवे स्टेशन के विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रेलवे का ध्यान है। चहारदीवारी का काम पूरा होने के बाद पार्किंग और गार्डन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर रेल मंडल और दरभंगा के रेलवे विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment
अपना कमेंट यहां लिखें-